टिकट से पहले सोशल मीडिया पर दावेदारों की पोस्टरों की बाढ़, सात निकायों में सियासी सरगर्मी तेज
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही सातों स्थानीय निकायों में सियासी हलचल तेज हो गई है। दो नगर परिषद और पांच नगर पालिकाओं में दो चरणों में मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही आचार संहिता लागू हो चुकी है। लेकिन पार्टियों की अधिकृत टिकट सूची जारी होने से पहले ही सोशल मीडिया पर दावेदारों की पोस्टरों की बाढ़ नजर आने लगी है।
टिकट से पहले ही वार्डों में दावेदारी शुरू हो गई है। अलग-अलग वार्डों में संभावित उम्मीदवार अपने पोस्टर और संदेश सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। कई समर्थक अपने पसंदीदा चेहरों को भावी पार्षद के तौर पर पेश कर रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इन दावेदारों को पार्टी की ओर से कोई ग्रीन सिग्नल मिला है या फिर टिकट के लिए सोशल मीडिया के जरिए दबाव बनाने की कोशिश हो रही है?
पहले चरण में 9 सितंबर को चित्तौड़गढ़, बेगूं और रावतभाटा में मतदान होगा।
वहीं दूसरे चरण में 11 सितंबर को निम्बाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, आकोला और कपासन में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
भाजपा ने जिले की सभी सातों निकायों में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। निकाय स्तर पर प्रभारी और संयोजक बनाए जा रहे हैं। इसके बाद वार्ड स्तर पर भी संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। इनकी जिम्मेदारी वार्ड के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों से फीडबैक लेकर संभावित दावेदारों की जानकारी जुटाने की होगी। इसी फीडबैक के आधार पर पार्टी पैनल तैयार करेगी और उम्मीदवारों के नाम पर फैसला होगा।
उधर कांग्रेस ने भी सभी निकायों में अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्ड स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित कर दावेदारों से आवेदन लिए जाएंगे। पार्टी की ओर से फीडबैक और जीत की संभावना को ध्यान में रखते हुए मजबूत उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जाएगा।
लेकिन चुनावी तैयारियों के बीच एक अलग तस्वीर सोशल मीडिया पर दिखाई दे रही है। पार्टी अभी आवेदन, सर्वे और पैनल की प्रक्रिया में है, जबकि कई दावेदारों ने सोशल मीडिया पर अपना चुनाव पहले ही शुरू कर दिया है। वार्डवार पोस्टर वायरल हो रहे हैं, समर्थकों के संदेश सामने आ रहे हैं और खुद को संभावित उम्मीदवार के तौर पर पेश करने की होड़ दिखाई दे रही है।
फिलहाल निकाय चुनाव की तस्वीर में सबसे दिलचस्प मुकाबला टिकट से पहले ही सोशल मीडिया पर दिखाई देने लगा है। दावेदारों के पोस्टरों का पहाड़ खड़ा हो चुका है, लेकिन अंतिम फैसला पार्टियों की अधिकृत सूची करेगी।
अब देखना होगा कि पार्टी की सूची जारी होने के बाद किस दावेदार के पोस्टर पर पार्टी का चुनाव चिह्न नजर आता है और किसकी दावेदारी सोशल मीडिया की स्क्रीन तक ही सीमित रह जाती है।
Tags
Breaking News