नीमच में CBN की बड़ी कार्रवाई: 1,146 किलो डोडाचूरा जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

नीमच में CBN की बड़ी कार्रवाई, 1,146 किलो डोडाचूरा जब्त; ट्रक चालक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,146.460 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। टीम ने राजस्थान नंबर के टाटा ट्रक को भी जब्त किया और चालक को गिरफ्तार किया है।

CBN अधिकारियों को सूचना मिली थी कि बेगूं क्षेत्र से कटुन्दा मोड़ होते हुए मारवाड़ की ओर टाटा ट्रक में डोडाचूरा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय की विशेष निवारक टीम ने 20 अगस्त की तड़के संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की।

कार्रवाई के दौरान टीम को अंधेरे के साथ संभावित पायलट वाहनों की आशंका जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने निगरानी जारी रखी। सुबह रायता से कटुन्दा मोड़ की ओर जा रहे राजस्थान नंबर के संदिग्ध टाटा ट्रक को रोककर चालक और उसमें सवार एकमात्र व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। आरोपी भीलवाड़ा जिले का निवासी बताया गया है।

ट्रक की तलाशी के दौरान बॉडी पर लगे लकड़ी के पट्टों और काले तिरपाल को हटाया गया। इसके बाद 57 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 1,146.460 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। टीम ने डोडाचूरा के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा ट्रक को भी जब्त कर लिया।

CBN ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच में डोडाचूरा की खेप से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post