चित्तौड़गढ़ में CBN की बड़ी कार्रवाई, नेक्सॉन की बैक लाइट में छिपी 18.200 किलो अफीम बरामद; तस्कर फरार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ राजस्थान। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ जिले में 18.200 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। अफीम एक टाटा नेक्सॉन कार की पिछली लाइट के अंदर बनाई गई गुप्त कैविटी में छिपाकर रखी गई थी। कार्रवाई के दौरान कार का चालक मौके से फरार हो गया।
CBN चित्तौड़गढ़ डिवीजन-2 को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक नेक्सॉन कार में अफीम की खेप बाड़मेर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर 17 अगस्त को टीम ने संदिग्ध मार्गों पर नाकाबंदी की। इस दौरान सफेद रंग की संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसने टीम को देखकर रफ्तार बढ़ा दी। CBN टीम ने कार का पीछा किया, लेकिन एक मोड़ पर कार नजरों से ओझल हो गई।
मार्ग के दो हिस्सों में बंटने के बाद टीमों ने अलग-अलग दिशा में तलाश शुरू की। इसी दौरान बोहेड़ा गांव के पास सड़क किनारे एक नेक्सॉन कार लावारिस हालत में मिली। कार का चालक मौके पर नहीं था। CBN अधिकारियों ने कार के आसपास सादे कपड़ों में टीम तैनात कर काफी समय तक निगरानी रखी, लेकिन कार लेने कोई नहीं पहुंचा।
इसके बाद कार को CBN कार्यालय लाकर मैकेनिक की मदद से उसकी बारीकी से जांच की गई। प्रारंभिक तलाशी में कार के अंदर कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। जांच के दौरान पिछली लाइट के अंदर विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी का पता चला। इसे खोलने पर 29 छोटे पैकेट मिले, जिनमें कुल 18.200 किलोग्राम अवैध अफीम छिपाकर रखी गई थी।
CBN ने अफीम और टाटा नेक्सॉन कार को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया है। फरार चालक और अन्य अज्ञात तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।
Tags
Breaking News