शहरी निकाय चुनाव की आचार संहिता आज से! राज्य निर्वाचन आयोग शाम 4 बजे करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस, चुनाव कार्यक्रम की घोषणा संभव
डीएस सेवन न्यूज जयपुर। शहरी निकाय चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। निकायों में आरक्षण संबंधी रिपोर्ट देर रात राज्य निर्वाचन आयोग के पास पहुंच गई है। आयोग फिलहाल रिपोर्ट का अध्ययन कर रहा है। यदि रिपोर्ट में कोई त्रुटि सामने आती है तो उसे सुधार के लिए वापस भेजा जा सकता है। रिपोर्ट सही पाए जाने की स्थिति में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है।
राज्य निर्वाचन आयोग आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। माना जा रहा है कि इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहरी निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित शहरी क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
आचार संहिता लागू होने के बाद संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में नए उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। साथ ही नए विकास कार्यों की स्वीकृति और नए कार्यादेश जारी करने पर भी रोक रहेगी।
हालांकि, आचार संहिता लागू होने से पहले जिन विकास कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं या जो कार्य पहले से चल रहे हैं, वे जारी रह सकेंगे। पहले से स्वीकृत और प्रचलित विकास कार्य आचार संहिता से प्रभावित नहीं होंगे।
आचार संहिता लागू होने के बाद नई योजनाओं, नए विकास कार्यों और नए कार्यादेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, तबादला सूचियों को लेकर भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी तबादले की अत्यावश्यकता होती है तो उसके लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति लेनी होगी।
निर्वाचन आयोग में आरक्षण संबंधी रिपोर्ट का अध्ययन देर रात तक जारी रहा। अब सभी की नजरें आज शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं, जहां निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है।
Tags
Breaking News