फतेहनगर में गणपति बप्पा की अनोखी आंगी, ₹3.85 करोड़ के नोटों से सजा ‘दादा का दरबार’
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। जिले के फतेहनगर में गणपति उत्सव के दौरान भगवान गणेश का भव्य और अनोखा श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां ‘दादा का दरबार’ में गणपति बप्पा को नोटों से विशेष आंगी धारण करवाई गई। इस आंगी में कुल ₹3 करोड़ 85 लाख 31 हजार 111 रुपये के नोटों का इस्तेमाल किया गया है।
बप्पा की इस विशेष आंगी में ₹500, ₹200 और ₹100 के नोटों से आकर्षक सजावट की गई है। इसके साथ ही श्रृंगार को और भव्य रूप देने के लिए करीब 1 किलो सोना और 41 किलो चांदी का भी इस्तेमाल किया गया है।
गणपति बप्पा के दरबार में चारों ओर नोटों और आभूषणों से की गई सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालु इस अनोखे श्रृंगार को देखकर हैरान नजर आ रहे हैं और बड़ी संख्या में बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
गणपति बप्पा की इस विशेष आंगी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फतेहनगर में इन दिनों यह अनोखा श्रृंगार चर्चा का विषय बना हुआ है।
Tags
Breaking News