जोरदार धमाका: मछली पकड़ते समय हाथ में फटा बारूदी बम 2 युवकों के हाथों के उड़े चिथड़े

बांसवाड़ा में मछली पकड़ना पड़ा भारी, हाथ में फटा बारूदी बम, दो युवकों की हालत गंभीर

तालाब में मछली मारने के दौरान हुआ जोरदार धमाका, दोनों युवकों के हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त, विस्फोटक सामग्री की बिक्री पर उठे सवाल
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा। जिले के घाटोल थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। लापाटिया गांव में तालाब पर मछली मार रहे दो युवकों के हाथ में अचानक बारूदी बम फट गया। धमाका इतना तेज था कि दोनों युवकों के हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, लापाटिया गांव में रमेश पुत्र नानका और महिपाल पुत्र मकना तालाब में मछली मार रहे थे। इसी दौरान उनके पास मौजूद बारूदी बम अचानक फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके हाथों को काफी नुकसान पहुंचा।

जिला अस्पताल में दोनों का उपचार जारी

घटना के बाद घायल युवकों को उपचार के लिए बांसवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों का इलाज जारी है। विस्फोट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धमाके में दोनों युवकों के हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

आखिर कहां से पहुंच रही खतरनाक विस्फोटक सामग्री?

इस घटना ने जिले में बारूदी टोटों और विस्फोटक सामग्री की उपलब्धता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मछली पकड़ने जैसे कामों में खतरनाक विस्फोटकों का इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसी विस्फोटक सामग्री आम लोगों तक कैसे पहुंच रही है? क्या इसकी बिक्री और उपयोग पर पर्याप्त निगरानी की जा रही है?

फिलहाल इस हादसे ने विस्फोटक सामग्री के अवैध उपयोग और इसकी कथित अनियंत्रित बिक्री को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post