चित्तौड़गढ़ जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस की रतनी देवी जाट और भाजपा की तुलसी बाई मैदान में, मुकाबला तय
35 में से 28 सीटें जीतने वाली कांग्रेस का पलड़ा भारी, 21 साल बाद जिला परिषद में कांग्रेस बोर्ड बनने की संभावना
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिला परिषद में जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए। कांग्रेस की ओर से वार्ड-10 की सदस्य रतनी देवी जाट ने नामांकन दाखिल किया, जबकि भाजपा ने वार्ड-14 की सदस्य तुलसी बाई को प्रत्याशी बनाया है। दोनों के नामांकन के साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर सामने आ गई है।
रतनी देवी जाट के नामांकन के दौरान उनके पति एवं पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत मौजूद रहे। वहीं भाजपा प्रत्याशी तुलसी बाई के नामांकन के बाद चुनावी प्रक्रिया में मुकाबला औपचारिक रूप से शुरू हो गया है।
कांग्रेस के पास 28 सदस्यों का समर्थन
जिला परिषद की 35 सीटों में कांग्रेस ने 28 सीटें जीतकर मजबूत बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को 7 सीटों पर सफलता मिली। आंकड़ों के लिहाज से कांग्रेस की स्थिति काफी मजबूत है। ऐसे में जिला परिषद में करीब 21 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है। जिला प्रमुख का पद महिला के लिए आरक्षित होने के चलते दोनों दलों ने महिला प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है।
निर्वाचित सदस्यों को दिलाई शपथ
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को शपथ दिलाई। इसके बाद कांग्रेस के 22 सदस्यों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। ये सदस्य पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के गुट से जुड़े बताए जा रहे हैं। सदस्यों की मौजूदगी और गुटीय समीकरणों को देखते हुए जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की रणनीति भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
दोपहर 3 बजे से मतदान, शाम को मतगणना
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन हुए। इसके बाद 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव प्रक्रिया होगी।
जिला प्रमुख चुनाव को लेकर प्रशासन ने व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। अब सबकी निगाहें मतदान और मतगणना पर हैं, जिसके बाद अगले पांच वर्षों के लिए चित्तौड़गढ़ जिला परिषद की कमान संभालने वाले नाम पर मुहर लग जाएगी।
Tags
Breaking News