कानोड़ में पंचायत समिति गठन की मांग, पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


कानोड़ में पंचायत समिति गठन की मांग, पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने सीएम को लिखा पत्र

DS7NEWS NETWORK 
कानोड़। वल्लभनगर के पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर कानोड़ में नई पंचायत समिति गठित करने की मांग की है।

उन्होंने पत्र में बताया कि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में तीन पंचायत समितियां कार्यरत हैं—

1. कुराबड़ पंचायत समिति (18 पंचायतें)


2. वल्लभनगर पंचायत समिति (23 पंचायतें)


3. भीण्डर पंचायत समिति (29 पंचायतें)



भीण्डर ने कहा कि वर्तमान में पंचायतों का पुनर्गठन चल रहा है, जिसमें सामान्य क्षेत्रों में न्यूनतम 3000 और जनजातीय क्षेत्रों में 2000 की जनसंख्या का मानक रखा गया है। यदि सरकार सही प्रयास करे, तो वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में 15 से 20 नई पंचायतें बन सकती हैं, जिससे एक नई पंचायत समिति का गठन संभव हो सकेगा।

कानोड़ में तहसील बनी, लेकिन पंचायत समिति नहीं

भीण्डर ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार के दौरान यह तय किया गया था कि जहां तहसील बनेगी, वहां उपखंड और पंचायत समिति भी बनाई जाएगी। कानोड़ में तहसील तो बन गई, लेकिन उपखंड और पंचायत समिति अभी तक नहीं बनी।

ग्रामवासियों को मिलेगी सुविधाएं

अगर कानोड़ में पंचायत समिति बनाई जाती है, तो ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से पंचायतों के सही पुनर्गठन के आदेश जारी करने और कानोड़ में पंचायत समिति गठित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की।

📌 DS7NEWS NETWORK

Post a Comment

Previous Post Next Post