सिरोही: पालना गृह में फिर गूंजी किलकारी, नवजात को छोड़ गई मां
DS7NEWS NETWORK
सिरोही: एक बार फिर ममता शर्मसार हुई है। सिरोही जिला अस्पताल के पालना गृह में मंगलवार सुबह एक नवजात बच्ची मिली, जिसे जन्म देने वाली मां लावारिस हालत में छोड़ गई। यह मामला तब सामने आया जब सुबह करीब 8:30 बजे पालना गृह से रोने की आवाजें आईं। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत नवजात को संरक्षण में लेकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रामसिंह यादव की टीम ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया और उसे गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया। डॉ. यादव ने बताया कि नवजात का वजन 2.2 किलोग्राम है और वह स्वस्थ है। उन्होंने कहा, "बच्ची का जन्म करीब 1-2 घंटे पहले हुआ होगा, इसलिए उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।"
इस घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस और बाल कल्याण समिति को सूचित कर दिया। प्रशासन अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि बच्ची को किसने और क्यों छोड़ा।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी जिला अस्पताल के पालना गृह में एक नवजात मिला था। लगातार नवजात बच्चों के त्यागे जाने की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है और नवजात के भविष्य को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं
DS7NEWS NETWORK
Tags
Breaking News