चित्तौड़गढ़: अवैध अफीम की खेती पर छापा, 2 किलो अफीम जब्त, किसान गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। निंबाहेड़ा तहसील के घाटा क्षेत्र में एक खेत पर छापा मारकर 1 किलो 960 ग्राम अफीम जब्त की गई। साथ ही, 1008 वर्ग मीटर में फैली अफीम की फसल को नष्ट कर आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया गया है।मुखबिर से मिली सूचना पर हुई कार्रवाई
नारकोटिक्स विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि निंबाहेड़ा तहसील के भुवानियाखेड़ी गांव में एक किसान अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी किसान दिनेश धाकड़ के पास अफीम की खेती के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति (पट्टा) नहीं थी। सूचना मिलने के बाद सीबीएन (केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो) की चित्तौड़गढ़ निवारक दल ने कार्रवाई की योजना बनाई।
सीबीएन के उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल के निर्देशन में, अधीक्षक डीके सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत में छापा मारा, जहां अफीम के डोडों से अफीम निकाली जा रही थी।
अवैध खेती पर सख्त कार्रवाई जारी
टीम ने मौके से 1 किलो 960 ग्राम अफीम बरामद की और अवैध रूप से उगाई गई पूरी फसल को नष्ट कर दिया। आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नारकोटिक्स विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति अफीम की खेती करना गंभीर अपराध है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
DS7 News Network