निम्बाहेड़ा में बनेगा स्थायी हेलीपैड, विधायक कृपलानी ने किया भूमि का निरीक्षण
DS7 NEWS NETWORK | चित्तौड़गढ़/निम्बाहेड़ा।
निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही स्थायी हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के बढ़ते दबाव और वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के दौरों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
इस संबंध में पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्रीचंद कृपलानी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चित्तौड़गढ़-नीमच बाइपास पर बोराखेड़ी मार्ग, साकरिया के समीप, चांदखेड़ा मार्ग एवं बड़ौली माधोसिंह मार्ग पर श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला के नजदीक स्थायी हेलीपैड के लिए उपयुक्त भूमि का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी एवं उपखंड अधिकारी विकास पंचौली भी मौजूद रहे। विधायक कृपलानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में हेलीपैड के विस्तार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त भूमि का अधिग्रहण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आने वाले समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
0 Comments