उदयपुर में फ्रांस की टूरिस्ट से दुष्कर्म: आरोपी ने पार्टी के बहाने बुलाकर किराए के मकान में किया रेप, फरार
उदयपुर | DS7 NEWS NETWORK
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर शहर में एक विदेशी युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बड़गांव थाना क्षेत्र की है। आरोपी युवक ने पहले युवती को एक कैफे में पार्टी के लिए बुलाया और फिर उसे बहला-फुसलाकर अपने किराए के मकान में ले जाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
थानाधिकारी पूर्ण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि सोमवार देर शाम टाइगर हिल स्थित ‘द ग्रीक फॉर्म कैफे एंड रेस्टो’ में पार्टी के दौरान युवक-युवती की मुलाकात हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने युवती से बाहर स्मोक करने और सुंदर नजारे दिखाने का बहाना बनाया और उसे अपने सुखेर इलाके में स्थित किराए के मकान में ले गया।
एफआईआर के मुताबिक पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार होटल वापस जाने की बात कही, लेकिन युवक ने उसे नहीं छोड़ा। युवती का मोबाइल भी डिस्चार्ज था। आरोपी ने युवती को जबरन गले लगने के लिए कहा और मना करने पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई और वह किसी तरह निजी अस्पताल पहुंची। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता 22 जून को दिल्ली से उदयपुर घूमने आई थी और अंबामाता थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरी हुई थी।
Tags
Breaking News