बेगूं में मादक पदार्थ तस्करों की पुलिस पर फायरिंग, एक गिरफ्तार; 1 क्विंटल 95 किलो डोडा चूरा जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र में गुरुवार सुबह मादक पदार्थ तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। नाकाबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा तस्कर मेनाली नदी में कूदकर फरार हो गया।
चित्तौड़गढ़ एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि बेगूं थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-27 पर मेनाल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान बलवंत नगर, काटूंदा की तरफ से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार चालक हाईवे से नीचे मेनाल लिंक रोड पर गाड़ी भगाने लगा।
पुलिस ने पीछा कर स्टॉप स्टिक की मदद से कार के टायर पंक्चर कर दिए। कार रुकते ही उसमें सवार तस्कर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। तस्करों में से एक दिनेश (32), निवासी नीमड़ी यासर, नोखा (बीकानेर) मेनाली नदी में कूदकर जंगल की ओर भाग गया, जबकि कार चला रहा कैलाश (30), निवासी मुकाम गांव (बीकानेर) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने जब्त कार की तलाशी में 11 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ 1 क्विंटल 95 किलो 990 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह डोडा चूरा कहां से खरीदकर लाए थे और कहां सप्लाई करने वाले थे।
रिपोर्ट – DS7NEWS NETWORK, चित्तौड़गढ़
Tags
Breaking News