चित्तौड़गढ़ हॉकी टूर्नामेंट में मेजबान का जलवा: हैदराबाद को 6-0 से हराया, चार राज्यों की टीमों ने जमाया मैदान

सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में शुरू हुआ ऑल इंडिया आईपीएससी हॉकी टूर्नामेंट, पहले दिन मेजबान टीम की शानदार जीत

       DS7NEWS NETWORK, चित्तौड़गढ़ 
            रिपोर्टर: प्रियंका कुमावत

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ गुरुवार को सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में ऑल इंडिया आईपीएससी (इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस) अंडर-14 बालक वर्ग हॉकी टूर्नामेंट की शुरुआत भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुई। टूर्नामेंट की मेजबानी सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ कर रहा है, जिसमें देशभर के चार प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं।

जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में पंजाब पब्लिक स्कूल (नाभा, पंजाब), मॉडर्न पब्लिक स्कूल (नई दिल्ली), हैदराबाद पब्लिक स्कूल (बेगमपेट, तेलंगाना) और मेजबान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीमें शामिल हैं।

समारोह की शुरुआत खिलाड़ियों द्वारा खेल भावना और निष्पक्षता की शपथ से हुई। माहौल देशभक्ति और उत्साह से भरपूर रहा। मुख्य अतिथि प्रिंसिपल कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने अपने प्रेरणादायक शब्दों से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। वाइस प्रिंसिपल लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव और प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार ने अतिथि का स्वागत किया।

पहले दिन खेले गए दो मुकाबलों में मेजबान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने हैदराबाद पब्लिक स्कूल को 6-0 से हराया, जबकि दूसरे मैच में पंजाब पब्लिक स्कूल ने मॉडर्न पब्लिक स्कूल दिल्ली को 10-0 से मात दी। खिलाड़ियों का प्रदर्शन और जोश दर्शकों को रोमांचित करता रहा।

इस टूर्नामेंट का संयोजन स्कूल के भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला सहायक गौरव जाखड़ द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता 27 जून तक चलेगी, जिसमें कई मुकाबले खेले जाएंगे और विजेता टीम का चयन होगा।

DS7NEWS NETWORK | चित्तौड़गढ़
रिपोर्टर: प्रियंका कुमावत


Post a Comment

Previous Post Next Post