उदयपुर RNT: जिस हॉस्टल में डॉ. रवि की मौत, उसी के वाटर कूलर में फिर करंट, दूसरे हॉस्टल में प्लास्तर भी गिरा
DS7NEWS NETWORK UDAIPUR
रिपोर्टर: अर्पिता चौहान, उदयपुर
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर आरएनटी मेडिकल कॉलेज के चेतक सर्किल स्थित हॉस्टल में डॉ. रवि शर्मा की मौत के बाद उठा विवाद अभी शांत नहीं हुआ है कि गुरुवार को फिर दो नई घटनाएं सामने आ गईं। सीनियर बॉयज हॉस्टल में बाथरूम की छत का प्लास्तर गिर गया, जबकि दिलशाद भवन हॉस्टल में वाटर कूलर में करंट दौड़ गया।
गुरुवार शाम करीब 4 बजे सीनियर बॉयज हॉस्टल के बाथरूम में प्लास्तर गिरने की घटना हुई, गनीमत रही कि वहां कोई मौजूद नहीं था। इसके कुछ देर बाद चेतक सर्किल स्थित दिलशाद भवन हॉस्टल में वाटर कूलर में करंट आ गया, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
रेजिडेंट्स ने इन दोनों घटनाओं को लेकर जमकर विरोध किया। रात करीब 10 बजे अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. विजय गुप्ता और हाल ही में चीफ वार्डन पद से हटाए गए डॉ. नरेंद्र बांसल मौके पर पहुंचे। डॉ. बांसल ने इलेक्ट्रिक प्लग को हाथ से हटाया, जिस पर रेजिडेंट्स से उनकी बहस हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
रेजिडेंट्स ने आरोप लगाया कि डॉ. बांसल ने शराब पी रखी थी और उनका मेडिकल कराने की मांग की। बांसल ने इनकार किया तो पुलिस को बुलाना पड़ा। जब बांसल एमबी हॉस्पिटल पहुंचे, वहां भी विवाद खड़ा हो गया। देर रात डेढ़ बजे तक कॉलेज परिसर, हॉस्टल और अस्पताल में पुलिस का जमावड़ा लगा रहा।
महिला रेजिडेंट्स ने पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज के आरोप लगाए और हाथीपोल थाने में इसकी शिकायत दी गई है।
Tags
Breaking News