उदयपुर में कोरियोग्राफर ने प्रेमिका की हत्या की: होटल में मिलने बुलाया, सिर दीवार में मारा; खुद ने ब्लेड से हाथ की नसें काटी
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर कोरियोग्राफर युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की सगाई से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी। युवक ने युवती को होटल में मिलने बुलाया था। बातचीत के दौरान विवाद हुआ और गुस्से में युवक ने लड़की का सिर दीवार में जोर से मार दिया, जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवक ने खुद की भी जान लेने की कोशिश की और ब्लेड से हाथ की नसें काट लीं, लेकिन दर्द सहन नहीं कर पाया और अस्पताल में भर्ती हो गया।
घटना हिरणमगरी थाना क्षेत्र की है। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि आरोपी विजय भोई सेक्टर-3 का रहने वाला और कोरियोग्राफर है। मृतका निकिता त्रिवेदी ऋषभदेव हाल हिरणमगरी निवासी थी और परशुराम चौराहा स्थित होटल कासा गोल्ड में उसकी हत्या की गई। निकिता प्राइवेट कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और भाई के साथ किराए पर रहती थी। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम से हुई थी और प्रेम संबंध थे। इस बीच युवती की किसी और लड़के से सगाई हो गई थी और उसने आरोपी से बात करना बंद कर दिया था। यह बात युवक को नागवार गुजरी। युवक ने निकिता से आखिरी बार मिलने की इच्छा जताई और सोमवार को होटल में बुलाया। सगाई की बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और युवक ने निकिता का सिर दीवार में जोर से मार दिया। युवती बेहोश होकर गिर गई और वहीं मौत हो गई। आरोपी ने भी सुसाइड की कोशिश की, लेकिन असहनीय दर्द के चलते होटल से एमबी हॉस्पिटल पहुंच गया। युवती का शव होटल के कमरे में ही पड़ा रहा।
Tags
Breaking News