"चित्तौड़गढ़ में दिनदहाड़े डकैती: व्यवसाई की डिग्गी से 2 लाख रुपये उड़ाए, महज 4 मिनट में वारदात को दिया अंजाम"

चित्तौड़गढ़ में स्कूटी की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये की चोरी, CCTV में कैद हुए बदमाश  
  DS7NEWS NETWORK, चित्तौड़गढ  
  रिपोर्ट: प्रियंका कुमावत, चित्तौड़गढ़
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। पन्नाधाय कॉलोनी के पास नई पुलिया पर भरत बाग के निकट व्यवसाई सुनील लोढ़ा की स्कूटी की डिक्की तोड़कर दो अज्ञात बदमाश 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात महज 4 मिनट में अंजाम दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।  

जानकारी के अनुसार, चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया में मार्बल, ग्रेनाइट और टाइल्स का व्यवसाय करने वाले सुनील लोढ़ा शुक्रवार दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र में पन्नाधाय कॉलोनी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा गए थे। यहां से उन्होंने मजदूरों और वाहन चालकों के भुगतान के लिए 2 लाख रुपये की नकदी निकाली और स्कूटी की डिक्की में रख दी। इसके बाद वे नई पुलिया पर भरत बाग के पास गोकुलधाम में अपने मित्र प्रदीप बोहरा से मिलने पहुंचे। करीब आधा घंटा रुकने के बाद जब वे स्कूटी के पास लौटे तो डिक्की टूटी हुई थी और उसमें रखी 2 लाख रुपये की नकदी गायब थी।  

सुनील ने तुरंत अपने मित्र प्रदीप बोहरा को सूचित किया, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें उदयपुर पासिंग की एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध बदमाश वारदात को अंजाम देते दिखे। फुटेज में एक बदमाश ने नकाब लगाया था, जबकि दूसरा हेलमेट पहने हुए था।  

कोतवाली थाना पुलिस ने व्यवसाई सुनील लोढ़ा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। सुनील ने बताया कि वे अपने व्यवसाय के लिए राशि निकालकर लाए थे, लेकिन मित्र से मिलने के दौरान यह वारदात हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।  

DS7NEWS NETWORK 
चित्तौड़गढ़ से प्रियंका कुमावत की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post