डूंगला मंदिर तोड़फोड़ मामला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर से हथियार और 19 जिंदा कारतूस भी बरामद
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला कस्बे में निर्माणाधीन रामेश्वरम महादेव मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान खां मेवाती पुत्र अजीज खां उर्फ बुग्गा मेवाती (निवासी मुस्लिम मोहल्ला, डूंगला) को गिरफ्तार कर लिया है।
इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद लगातार चार दिनों तक डूंगला कस्बे में तनाव का माहौल बना रहा। आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन कर कस्बे को बंद रखा और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने डूंगला में डेरा जमाया और पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गईं।
थानाधिकारी अमृतलाल, मंगलवाड़ के भगवानलाल, निकुंभ के रामसिंह, कोतवाली निम्बाहेड़ा की टीम तथा जिला साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई। डूंगला थाने के ओमप्रकाश और साइबर सेल के कांस्टेबल रामावतार की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिस्ट्रीशीटर से भारी मात्रा में हथियार जब्त
इस केस से जुड़े दूसरे पहलू में पुलिस ने डूंगला निवासी हिस्ट्रीशीटर कालुखां पुत्र दौलत खां को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से बिना अनुज्ञापत्र के 19 जिंदा कारतूस, बारह बोर बंदूक के राउंड और एक धारदार नंगी छुरी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है
DS7 News Network — सच्ची खबर, सबसे पहले
✍🏻 रिपोर्टर: अरविंद सिंह सारंगदेवोत, डूंगला
Tags
Breaking News