सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क और किले के लिए अब एकसाथ मिलेगा टिकट, तीन नए पैकेज तैयार
पर्यटकों को दो-दो टिकट से मिलेगी मुक्ति, काउंटर पर भीड़ भी घटेगी
उदयपुर। सज्जनगढ़ सेंचुरी घूमने वाले पर्यटकों के लिए राहतभरी खबर है। अब सज्जनगढ़ किला और बायोलॉजिकल पार्क देखने के लिए अलग-अलग टिकट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वन विभाग ने दोनों को मिलाकर एकीकृत टिकट जारी करने की व्यवस्था लागू कर दी है।
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने तीन नए टिकट पैकेज बनाए हैं। इनमें बिना वाहन, बाइक, और कार सहित अन्य वाहन से आने वालों के लिए अलग-अलग टिकट शामिल हैं। इससे न सिर्फ पर्यटकों को दो टिकट संभालने से मुक्ति मिलेगी, बल्कि टिकट काउंटर पर भीड़ भी कम होगी।
हालांकि, नए सिस्टम के तहत अब भी दोनों स्थलों के लिए अलग-अलग टिकट लेने का विकल्प खुला रहेगा। जो पर्यटक केवल किला या केवल बायोपार्क घूमना चाहते हैं, उनके लिए भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। वाहन के अनुसार टिकट की राशि तय होगी।
वन विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से पर्यटन अनुभव बेहतर होगा और व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित होगी। सज्जनगढ़ आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और ऐसे में यह बदलाव काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
---
DS7 News Network
आपके शहर की हर जरूरी खबर सबसे पहले
Tags
Breaking News