जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग का पर्दाफाश, 85 सिलेंडर और उपकरण जब्त
जिला प्रशासन की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई, जानलेवा कारोबार पर कसा शिकंजा
डीएस सेवन न्यूज जयपुर में शनिवार को जिला प्रशासन ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ दो अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 85 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग से जुड़े कई उपकरण जब्त किए। यह कार्यवाही जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के सख्त निर्देशों के बाद जिला रसद अधिकारी कार्यालय की टीम ने अंजाम दी।
दोपहर के समय गजसिंहपुरा क्षेत्र में छापा मारकर 71 घरेलू और 9 व्यावसायिक सिलेंडर के अलावा 4 गैस ट्रांसफर मोटर और एक भारी कांटा मशीन जब्त की गई। जांच के दौरान सामने आया कि यहां बिना लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों के गैस ट्रांसफर का काम चल रहा था, जो आसपास के लोगों के लिए किसी भी वक्त बड़ा हादसा बन सकता था।
इसी प्रकार की दूसरी कार्रवाई हसनपुरा में की गई, जहां रिहायशी मकान में रिफिलिंग की जा रही थी। टीम ने यहां से 5 घरेलू सिलेंडर, एक मोटर और एक वजनी कांटा मशीन जब्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह गतिविधि न केवल गैरकानूनी थी बल्कि रिहायशी इलाकों में आगजनी और विस्फोट जैसे जोखिमों को बढ़ावा देती है।
जिला रसद अधिकारी त्रिलोकचंद मीणा ने कहा कि दोनों ही ठिकानों पर बिना वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों की घोर अवहेलना करते हुए रिफिलिंग की जा रही थी। उन्होंने यह भी साफ किया कि ऐसे अवैध और जानलेवा धंधों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय नागरिकों ने सराहा और उम्मीद जताई कि ऐसे अभियानों से शहर में जनसुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
---
Tags
Breaking News