चित्तौड़गढ़ शंभूपुरा हनीट्रैप किस्त के बहाने बुलाया, कपड़े उतरवाए, धमकाया अब खुद फंसे जाल में"

शंभूपुरा हनीट्रैप केस में बड़ा मोड़: पति के बाद अब पत्नी भी गिरफ्तार, दोनों को भेजा गया जेल

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, जिले के शंभूपुरा थाना क्षेत्र में सामने आए बहुचर्चित हनीट्रैप प्रकरण में पुलिस ने फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में उसके पति की गिरफ्तारी हो चुकी थी। सोमवार को पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

थानाधिकारी रामलाल मीणा ने बताया कि महिला आरोपी रीना पोरवाल पत्नी शिवप्रकाश पोरवाल निवासी गिलूंड, जो मामले में वांछित चल रही थी, को सोमवार सुबह दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके पति शिवप्रकाश पोरवाल, जो पहले से ही रिमांड पर था, दोनों को एक साथ न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

जांच में बरामद हुआ पीड़ित का मोबाइल

पुलिस रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में आरोपी शिवप्रकाश से पीड़ित का आईफोन मोबाइल भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मोबाइल दीपक टेलर का निकला, जो इस मामले में शिकायतकर्ता है।

क्या था मामला?

14 जून 2025 को चित्तौड़गढ़ निवासी दीपक टेलर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एक लोन की किस्त के नाम पर आरोपी दंपति ने उसे अपने घर गिलूंड बुलाया, जहां उसके साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसकी जेब से नकद ₹50,000, आईफोन, सोने की चेन और अंगूठी जबरन छीन ली गई।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर दंपति ने उसे झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी दी और जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर दीपक थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने की तफ्तीश तेज

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पहले 30 जुलाई को शिवप्रकाश को गिरफ्तार किया था। इसके बाद लगातार दबिश देकर 5 अगस्त की सुबह रीना पोरवाल को भी हिरासत में ले लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post