चित्तौड़गढ़ नाली निर्माण के विवाद ने बढ़ाया तनाव, पूर्व सरपंच पुत्री पर हमला गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। शंभूपुरा ग्राम पंचायत में सड़क व नाली निर्माण को लेकर उठा विवाद अब जानलेवा मोड़ पर पहुँच गया है। पंचायत की मनमानी और नियमों के खिलाफ हो रहे निर्माण कार्य का विरोध करना एक महिला को इतना भारी पड़ गया कि उसे गंभीर चोटों के साथ जिला अस्पताल तक पहुँचना पड़ा।
पीड़िता कविता बैरवा (34), जो शंभूपुरा की पूर्व सरपंच टमु बाई बैरवा की पुत्री हैं, ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि यादव मोहल्ले में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। जब उन्होंने अपने घर के बाहर नाली निकालने का विरोध किया, तो विजय कुमावत नामक युवक ने न सिर्फ उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया बल्कि उन पर जानलेवा हमला भी कर दिया। सिर और सीने पर लगी गंभीर चोटों के कारण कविता को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
कविता का आरोप है कि विजय कुमावत पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। कुछ दिन पहले भी इसी मुद्दे पर उसने उन्हें धमकी दी थी। अब महिला ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाधिकारी रामलाल मीणा ने बताया कि मामला एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में दर्ज कर लिया गया है। जांच का जिम्मा वृताधिकारी अनिल शर्मा को सौंपा गया है।
पंचायत की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत ने नई सड़क व नाली का निर्माण बिना नियमों का पालन किए शुरू किया है। नाली का रुख एकतरफा करने से मोहल्ले में विवाद और रोष दोनों बढ़ गए हैं। लोगों का आरोप है कि सरपंच व सचिव अपनी मनमर्जी पर अड़े हुए हैं और ग्रामीणों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
विरोध करने वाली महिला पर हमला
यह घटना केवल एक महिला पर हमला नहीं, बल्कि पंचायत स्तर पर जवाबदेही और पारदर्शिता पर बड़ा सवाल है। गांव में जो भी आवाज़ उठाता है, उसे दबाने की कोशिश होती है। पूर्व सरपंच की पुत्री तक अगर सुरक्षित नहीं है, तो आम ग्रामीण कैसे अपनी बात रख पाएंगे?
Tags
Breaking News