चित्तौड़गढ़ 26 अगस्त की रात बनास नदी में कार बहने से लापता हुई रुत्वी, पांचवे दिन 12 किमी दूर मिला

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ राशमी थाना क्षेत्र के सोमी गांव के पास बनास नदी में मंगलवार रात कार बहने की घटना से लापता हुई 6 वर्षीय बालिका रुत्वी गाडरी का शव पांच दिन बाद रविवार को बरामद हो गया।

सूत्रों के अनुसार, एसडीआरएफ टीम ने उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा की मौजूदगी में ऊंचा और रतनखेड़ी एनिकट के बीच सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान करीब 12 किलोमीटर दूर ऊंचा के पास नदी किनारे झाड़ियों में बच्ची का शव दिखाई दिया। टीम ने मशक्कत कर शव को बाहर निकाला।

मौके पर पहुंचे परिजनों—धनराज, मोहनलाल, राजूलाल और बद्रीलाल गाडरी ने शव की पहचान रुत्वी के रूप में की। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

इस दौरान तहसीलदार बेनी प्रसाद सरगरा, सीआई रमेश चंद्र मीणा, विकास अधिकारी ओमप्रकाश विजयवर्गीय और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।

 बता दें कि 26 अगस्त की रात को वैन के बनास नदी में बह जाने के बाद यह बच्ची लापता हो गई थी।
 पिछले कई दिनों से ड्रोन व एक्सपर्ट गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।
 नदी में पानी छोड़े जाने से रेस्क्यू अभियान को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
 प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से अंततः सफलता मिली।

Post a Comment

Previous Post Next Post