उदयपुर: MLSU ने ड्यू पेपर वाले छात्रों को बड़ी राहत दी, 2025-26 में मिलेगा स्पेशल मौका
डीएस सेवन न्यूज़ मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी, उदयपुर ने उन छात्रों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है जो पिछले वर्षों के ड्यू पेपर के कारण इस बार परीक्षा आवेदन नहीं भर पाए थे। प्रशासन ने 2025-26 सत्र के लिए विशेष अवसर प्रदान करते हुए ऐसे विद्यार्थियों को फिर से परीक्षा से जुड़ने का मौका दिया है।
डिप्टी रजिस्ट्रार एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश कुमार बारबर ने बताया कि कार्यवाहक कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत के निर्देशानुसार यह निर्णय विद्यार्थियों के हित में लिया गया है। जिन छात्रों के पूर्व वर्षों से पेपर ड्यू चल रहे हैं, वे 1 दिसंबर 2025 से ऑनलाइन माध्यम से अपने एग्जाम फॉर्म भर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार,
परीक्षा सत्र 2022-23 के बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए और एलएलबी द्वितीय वर्ष उत्तीर्ण छात्र अब सत्र 2025-26 में नियमित प्रवेश लेकर तृतीय वर्ष की परीक्षा नियमित विद्यार्थी के रूप में दे सकेंगे।
वहीं बीए और बीकॉम द्वितीय वर्ष (स्वयंप्रवर्ती) वाले विद्यार्थी तृतीय वर्ष की परीक्षा सेल्फ स्टार्टर के रूप में शामिल हो पाएंगे।
यूनिवर्सिटी के इस फैसले से बड़ी संख्या में ऐसे छात्रों को राहत मिलेगी जो ड्यू पेपर के चलते अपने सत्र में पिछड़ गए थे। प्रशासन का यह कदम विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्य धारा से फिर जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags
University update