डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह शव मान्दला गांव की सरहद में सिरोडी जाने वाले रास्ते के पास उस स्थान पर मिला, जहां मार्बल स्लेरी डाली जाती है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव मिट्टी और मार्बल स्लेरी के ढेर के नीचे दबा हुआ था। मिट्टी हटाने पर महिला का शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव की स्थिति से अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह काफी समय पुराना हो सकता है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।
थानाधिकारी चंदेरिया मोतीराम, पुलिस निरीक्षक ने बताया कि जब शव को बाहर निकाला गया तो एक पैर की हड्डी दिखाई दे रही थी, जबकि दूसरा पैर घुटने के पास से मुड़ा हुआ था। चेहरे की त्वचा पूरी तरह से हट चुकी थी, जिससे चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। शरीर की चमड़ी सड़-गल जाने के कारण अन्य पहचान चिन्ह भी स्पष्ट नहीं हो पाए। सिर पर काले बाल पाए गए हैं। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को नियमानुसार कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सांवलियाजी चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
घटनास्थल का निरीक्षण एमओबी टीम तथा भीलवाड़ा से आई एफएसएल टीम द्वारा बारीकी से किया गया। आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि महिला की पहचान या घटना से जुड़े किसी भी सुराग तक पहुंचा जा सके। पुलिस गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड से भी मिलान कर रही है।
मृतका के हुलिए के आधार पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला वयस्क प्रतीत हो रही है। उसने महरून रंग की फुल आस्तीन जर्सी पहन रखी थी, जिस पर बड़े लाल प्लास्टिक के बटन लगे थे। साथ ही गुलाबी रंग की लेगी पहनी हुई थी। बाएं हाथ की कलाई पर “Puran Sang Geeta” नाम गुदा हुआ पाया गया है, जो पहचान का अहम आधार बन सकता है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
Tags
Breaking News