वल्लभनगर में जलदाय विभाग का सहायक अभियंता कार्यालय खोलने की मांग रणधीर सिंह भीण्डर ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जिले के वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में जलदाय विभाग की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर वल्लभनगर में जलदाय विभाग का सहायक अभियंता (एईएन) कार्यालय खोलने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि प्रशासनिक ढांचे की कमी के कारण पेयजल योजनाओं के संचालन में व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ तीन तहसीलें आती हैं। भीण्डर और कुराबड़ में सहायक अभियंता पदस्थापित हैं, लेकिन अलग तहसील होने के बावजूद वल्लभनगर में अब तक ऐसा कार्यालय स्थापित नहीं हो पाया है। वर्तमान में जल जीवन मिशन के चलते विभागीय कार्यों का दायरा बढ़ा है, जिससे नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी देखरेख पहले से अधिक जरूरी हो गई है।

भीण्डर में तैनात सहायक अभियंता को वल्लभनगर का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है। इससे समय पर निरीक्षण, योजनाओं की निगरानी और कार्य निष्पादन प्रभावित होने की बात कही गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि कनिष्ठ अभियंता कार्यालय सीमित स्थानों पर संचालित होने से स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधा बाधित हो रही है।

रणधीर सिंह भीण्डर ने मांग की है कि वल्लभनगर में नया सहायक अभियंता कार्यालय स्वीकृत किया जाए। इसके अतिरिक्त खेरोदा या भटेवर में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय खोलने का सुझाव भी दिया गया है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर पेयजल सेवाएं मिल सकें और विभागीय कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post