डीएस सेवन न्यूज उदयपुर प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक कथित “लुटेरी दुल्हन” गिरोह से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शादी के नाम पर ठगी और सुनियोजित धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित युवक हरीश प्रजापत, निवासी आपणी ढाणी, सलूबर हाल प्रतापनगर, की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरीश ने बताया कि कुछ दिन पहले पाडुन कानोड़ निवासी दूल्हे सिंह ने उसके पिता से संपर्क कर शादी कराने का भरोसा दिलाया। भरोसा होने पर पिता-पुत्र उसके साथ आगरा गए, जहां कई लड़कियां दिखाई गईं, लेकिन बात तय नहीं हो सकी। इसी दौरान पुष्पा नाम की एक महिला एजेंट संपर्क में आई। उसने “अच्छा रिश्ता” दिलाने का भरोसा दिलाते हुए मोबाइल नंबर ले लिया।
20 जनवरी को पुष्पा का फोन आया और 5 लाख रुपये तैयार रखने को कहा गया। उसने बताया कि लड़की तय हो गई है। 22 जनवरी को प्रतापनगर चौराहे के पास एक कार में छह लोग पहुंचे। इनमें कुमकुम नाम की युवती, उसकी कथित मां ममता, मौसी सीमा, एजेंट पुष्पा, कुणाल नामक युवक और एक अन्य व्यक्ति शामिल थे। आपणी ढाणी में सगाई की रस्म करवाई गई और मौके पर 5 लाख रुपये नकद पुष्पा को दे दिए गए। इससे पहले 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जा चुके थे।
इसके बाद सभी लोग कोर्ट ले जाए गए। मंदिर में फोटो खिंचवाए गए और 500 रुपये के स्टांप पर लिखापढ़ी कर विवाह होना दर्शाया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी के तीसरे दिन दुल्हन सगाई के गहने और मंगलसूत्र लेकर भागने की कोशिश कर रही थी। ऐन वक्त पर परिजनों की नजर पड़ गई और उसे पकड़ लिया गया।
प्रतापनगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और षड्यंत्र का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पुरानी घटनाओं की भी पड़ताल कर रही है। मामले ने क्षेत्र में शादी के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Tags
Breaking News