उदयपुर वल्लभनगर मंदिर नकबजनी का 48 घंटे में खुलासा: वल्लभनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शातिर चोर गिरफ्तार

मंदिर नकबजनी का 48 घंटे में खुलासा: वल्लभनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शातिर चोर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर/वल्लभनगर।श्री चामुण्डा माता मंदिर, डांगीखेड़ा में हुई नकबजनी की वारदात ने इलाके में चिंता का माहौल बना दिया था, लेकिन वल्लभनगर पुलिस ने महज़ 48 घंटे में इस प्रकरण को सुलझाकर अपनी तेज़ और प्रभावी कार्रवाई का परिचय दिया। पुलिस ने मामले में शामिल शातिर चोर प्रकाश पुत्र भगवतीलाल निवासी डबोक को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

घटना के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का तकनीकी व मैदानी विश्लेषण शुरू किया। रात के अंधेरे में ताला तोड़कर मंदिर में घुसे आरोपी ने दान पात्र से नकदी और माता जी के जेवरात, जिनमें नथ (वाईसर) भी शामिल थी, चोरी कर ली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गया, लेकिन पुलिस की पकड़ से बच नहीं सका।

ड्यूटी पर तैनात टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्रोतों और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की गतिविधियों को ट्रेस किया। लगातार पीछा करते हुए टीम ने उसे दबोच लिया और चोरी का सामान सुरक्षित बरामद कर लिया।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी दिनेश पाटीदार के निर्देशन में सउनि रमेशचंद्र, कॉन्स्टेबल मुकेश जाट, जगमोहन, शेरसिंह और सुरेश की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने दिन-रात जुटकर घटना का खुलासा किया।

पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है, ताकि आरोपी के किसी अन्य वारदात से जुड़े होने की भी पुष्टि की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post