पेंशनर्स जैसा नियम: सस्ता गैस सिलेंडर पाने के लिए उज्ज्वला उपभोक्ताओं को फिर करानी होगी E-KYC, वरना सब्सिडी बंद

दिसम्बर तक अनिवार्य ई-केवाईसी: उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए नई व्यवस्था, नहीं कराया तो सस्ती गैस पर लगेगा ब्रेक
डीएस सेवन न्यूज़ उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए इस साल से एक नई और सख्त व्यवस्था लागू हो गई है। अब सस्ता एलपीजी सिलेंडर मिलता रहे, इसके लिए हर परिवार को समय पर ई-केवाइसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। यह प्रक्रिया बिल्कुल उसी तरह है जैसे पेंशनर्स हर साल अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा कराते हैं, ताकि उनकी पेंशन जारी रह सके।

गैस एजेंसियों ने नवंबर से ही लाभार्थियों को नोटिस भेजना शुरू कर दिया है, जिसमें साफ कहा गया है कि दिसम्बर के अंत तक री-केवाईसी नहीं कराई तो सब्सिडी और रिफिल—दोनों रोक दिए जाएंगे। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत कनेक्शन लेने वाले लोगों की पहचान और उपयोग की नियमित पुष्टि इस प्रक्रिया के जरिए होती है, ताकि सरकारी मदद सही लाभार्थी तक पहुंचे।

एजेंसी संचालक सुनील जोशी के अनुसार, “यदि केवाईसी समय पर नहीं हुई तो 10वें सिलेंडर पर सब्सिडी बंद हो जाएगी।” पिछले महीने शुरू हुई यह प्रक्रिया अब तेजी से पूरी कराई जा रही है, क्योंकि अधिकांश परिवार अब भी केवाईसी अपडेट कराने में ढिलाई दिखा रहे हैं।

सरकार का तर्क है कि यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाने में मदद करेगा। वहीं लाभार्थियों के लिए यह एक सरल प्रक्रिया है जिसे एक बार पूरा करने पर साल भर सस्ती गैस का लाभ बिना रुकावट मिलता रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post