डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय के सदर थाना क्षेत्र का सेंती इलाका एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता नजर आ रहा है। बीती रात यहां खुलेआम हुई मारपीट की घटना ने साबित कर दिया कि असामाजिक तत्वों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे। मामला श्री सांवलिया जी राजकीय चिकित्सालय परिसर से जुड़ा है, जहां पार्किंग व्यवस्था संभाल रहे कार्मिक पर आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में घुसे इन युवकों ने बिना किसी डर के पार्किंग पर ड्यूटी कर रहे कार्मिक लोकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पार्किंग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब जांच का अहम हिस्सा बन सकते हैं।
हमले में घायल हुए लोकेश को तुरंत अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव ने घायल कार्मिक से मुलाकात कर स्थिति जानी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेंती क्षेत्र में पहले भी हफ्ता वसूली जैसी गतिविधियों को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आमजन में डर का माहौल बन रहा है। फिलहाल पुलिस में मामला दर्ज हो चुका है, लेकिन अब नजर इस बात पर है कि आरोपियों पर कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई होती है।
DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH
Tags
Breaking News