24 घंटे बंधक, कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ… समस्तीपुर में युवक का कथित पकड़ौआ विवाह
डीएम सेवन न्यूज बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र से एक 23 वर्षीय युवक के कथित पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है। पीड़ित नीतीश कुमार, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, बुधवार को रोज़ की तरह लाइब्रेरी के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने उसे 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक नशे की हालत में जयमाला की रस्म निभाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई।
बंधक रहने के दौरान नीतीश कुमार ने एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई। वीडियो में उसने कुंदन, राहुल और राजवंशी पर किडनैपिंग, नशीली दवा देने और मारपीट के आरोप लगाए। जानकारी मिलते ही उसकी मां ने पटोरी थाने में आवेदन देकर बेटे को मुक्त कराने की गुहार लगाई।
शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को चकरांजली गांव से बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया। पटोरी डीएसपी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि युवक और युवती के परिवारों के बीच पहले विवाह की बातचीत हुई थी, जिसे कथित रूप से ठुकरा दिया गया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags
Breaking News