खोखरिया नाल में पेट्रोलियम का बड़ा खुलासा: 36,700 लीटर अवैध भंडारण पकड़ा, दो गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के बीच बेकरिया थाना क्षेत्र के खोखरिया नाल इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। डीएसटी और थाना बेकरिया की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बालाजी होटल के पीछे स्थित स्थान पर दबिश देकर भारी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया।
जांच के दौरान सामने आया कि एक टैंकर का लॉक तोड़कर मोटर और पाइप की सहायता से पेट्रोलियम निकाला जा रहा था। पास ही बने एक गोदाम में पहले से निकाला गया ईंधन ड्रमों में भरकर रखा गया था। मौके से 81 ड्रमों में भरे 16,700 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद हुए, जबकि टैंकर में 20,000 लीटर ईंधन मौजूद मिला। इस प्रकार कुल 36,700 लीटर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया। कार्रवाई में एक टैंकर, एक पिकअप वाहन तथा उपयोग में लिए जा रहे उपकरण भी कब्जे में लिए गए।
पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश पुत्र फगलुराम निवासी डावल, जिला जालोर तथा विश्नाराम पुत्र कुम्माराम निवासी खेड़ा आलमसर चोहटन, जिला बाड़मेर शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद थाना बेकरिया में प्रकरण संख्या 31/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 317, 318(4), 303, 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध पेट्रोलियम कारोबार के विरुद्ध आगे भी लगातार निगरानी और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
DS7NEWS NETWORK UDAIPUR
Tags
Breaking News