उदयपुर न्यू आरटीओ के खतरनाक मोड़ पर फिर हादसा, युवक की दर्दनाक मौत

खतरनाक मोड़ बना जानलेवा, फिर गई एक युवक की जान
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर शहर में सड़कों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुखेर थाना क्षेत्र में न्यू आरटीओ के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर मंगलवार देर रात एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बोहरा गणेश जी इलाके का निवासी बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मोड़ लंबे समय से हादसों का केंद्र बना हुआ है। अचानक तीखा घुमाव होने के कारण वाहन चालक अक्सर नियंत्रण खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आसपास रहने वाले नागरिकों का कहना है कि यहां पहले भी कई जानें जा चुकी हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की जांच जारी है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post