मंदिर से लौटती महिला पर झपट्टा, दिनदहाड़े चित्तौड़गढ़ में सक्रिय हुए चैन स्नेचर
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ शहर में गुरुवार सुबह एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई। कोतवाली थाना क्षेत्र के पावटा चौक के पास हजारेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक एक महिला उस समय बदमाशों का शिकार बन गई, जब वह दर्शन कर घर लौट रही थी। सुबह करीब साढ़े दस बजे दो युवक बाइक पर आए और महिला को निशाना बनाया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले महिला को धक्का देकर गिराया, जिससे वह संभल भी नहीं पाई। इसी दौरान दूसरे युवक ने तेजी से उसके गले से सोने की चैन खींच ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।
इस पूरी वारदात की तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों बदमाश स्पष्ट नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
Tags
Breaking News