इंस्टाग्राम स्टोरी बनी चोरी की वजह! निम्बाहेड़ा गेस्ट हाउस नकबजनी का खुलासा, 4.50 लाख नकदी व जेवरात सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 10 अप्रैल 2026। निम्बाहेड़ा में गेस्ट हाउस में हुई नकबजनी की वारदात का सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर डाली गई जानकारी के आधार पर वारदात की साजिश रची थी।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि परिवादी चतुरर्भुज कुमावत निवासी कासोद दरवाजा निम्बाहेडा हाल साकरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका साकरिया चौराया पर सांवरिया गेस्ट हाउस के नाम से छोटा होटल है, जहां वह ऊपर की मंजिल पर परिवार सहित निवास करता है। दिनांक 06 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5 बजे वह अपने बेटे के साथ मंदिर दर्शन के लिए गया था और परिवार भी घर पर नहीं था। 2-3 घंटे बाद लौटने पर कमरे और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा नकदी व सोने-चांदी के जेवर चोरी हो चुके थे।
घटना की सूचना पर एएसपी सरिता सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी संजय शर्मा द्वारा टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक आते-जाते दिखाई दिए। जांच के दौरान सामने आया कि परिवादी ने कुछ दिन पहले प्लॉट बेचा था, जिसकी रकम घर में रखी थी और उसका साला राहुल इंस्टाग्राम पर इसकी स्टोरी डाल चुका था।
गेस्ट हाउस कर्मचारी मोहसिन उर्फ टिंचा से पूछताछ में सच्चाई सामने आई। उसने बताया कि इंस्टाग्राम स्टोरी देखकर उसने अपने साथियों फरहान उर्फ आंध्यिा और मोहम्मद साहिल के साथ चोरी की योजना बनाई। वारदात के दिन मोहसिन ने दोनों को बुलाकर गेस्ट हाउस की निगरानी की और साथियों ने ऊपर जाकर ताले तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर लिए।
पुलिस ने आरोपी मोहसिन को गिरफ्तार कर उसकी सूचना पर फरहान और साहिल को भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद, नौ जोड़ी पायजेब, एक जोड़ी कड़ी, चार जोड़ी हाथ के कड़े, अंगूठी, मंगलसूत्र, मांडलिया, चैन, कानों के टॉप्स सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की रकम से नई मोटरसाइकिल खरीदकर मनाली घूमने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। साथ ही यह भी तथ्य सामने आया कि गेस्ट हाउस कर्मचारी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था, जबकि उसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड पर लिया है और अग्रिम अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. मोहसिन उर्फ टिंचा पिता कदीर मोहम्मद निवासी माण्डलगढ़, जिला भीलवाड़ा
2. मोहम्मद साहिल पिता फरीद मोहम्मद निवासी भवानीनगर, भीलवाड़ा
3. फरहान उर्फ आंध्यिा पिता अब्दुल रशीद निवासी कांवाखेड़ा कच्ची बस्ती, भीलवाड़ा
पुलिस टीम:
थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई बाबूलाल, कानि. दयाराम, सुरेन्द्र, धर्मचन्द
Tags
Breaking News