बड़ीसादड़ी में अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर भव्य आयोजन, कलश यात्रा से शुरू होगी सप्ताहभर की श्रीमद् भागवत कथा

बड़ीसादड़ी में अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर भव्य आयोजन, कलश यात्रा से शुरू होगी सप्ताहभर की श्रीमद् भागवत कथा
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ बड़ीसादड़ी। अखिल भारतीय धनगर गायरी समाज एवं पुण्य श्लोक लोकमाता अहिल्याबाई सेवा संस्थान, बड़ीसादड़ी के संयुक्त तत्वावधान में पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 25 मई 2026 से प्रारंभ होकर 31 मई 2026 तक सप्ताहभर चलेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 25 मई को प्रातः भव्य कलश यात्रा एवं कलश स्थापना के साथ होगा। इस दौरान बड़ीसादड़ी क्षेत्र की महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भक्तिमय वातावरण का निर्माण करेंगे। इसके पश्चात प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।

कथा का वाचन श्री राम धाम, सिंगोली (मध्यप्रदेश) के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पूज्य श्री घनश्याम जी वैष्णव महाराज के मुखारविंद से होगा। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के महत्व के साथ भक्त प्रहलाद, ध्रुव एवं गोकुल की दिव्य लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जाएगी।

महोत्सव के दौरान धार्मिक झांकियों का विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें राम-जानकी विवाह, कृष्ण-रुक्मणी विवाह एवं शिव-पार्वती विवाह की मनोहारी प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी। इन झांकियों के माध्यम से सनातन संस्कृति और परंपराओं का जीवंत चित्रण किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन 31 मई 2026 को मंशापूर्ण महादेव जी मंदिर में कलश स्थापना, ध्वजा स्थापना एवं विशाल महाप्रसादी के साथ किया जाएगा। साथ ही लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के मंदिर पर विशेष कलश स्थापना भी होगी। आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्यलाभ प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post