फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से नाबालिग को फंसाने वाला आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज (भीलवाड़ा)। शाहपुरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाने और शादी के लिए दबाव डालने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। आरोपी मुर्षिदुल इस्लाम लस्कर (20), निवासी हैलाकंडी (असम), को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बेंगलुरु से पकड़ा गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और वृताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुरेश चंद के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 को एक प्रार्थी ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री से इंस्टाग्राम पर “आर्यन सिंह राजपूत” नाम से एक युवक ने संपर्क किया। आरोपी ने झूठी पहचान बताकर युवती को मानसिक रूप से प्रभावित किया और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। परिजनों को संदेह होने पर जांच की गई, जिसमें आरोपी की वास्तविक पहचान सामने आई।
शिकायत के आधार पर थाना शाहपुरा में प्रकरण संख्या 86/2026 के तहत धारा 78(2) बीएनएस, धारा 66 आईटी एक्ट एवं धारा 11/12 पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश चंद, उपनिरीक्षक राजेश कुमार मीणा, कांस्टेबल हन्नी सिंह, अरविंद सिंह और सूर्यवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों से सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Tags
Breaking News