भींडर में स्वच्छता जागरूकता अभियान: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी, बीमारियों से बचाव पर जोर
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर भींडर में राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के तहत सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट अधिकारी मनोज कुमार जाट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को एकत्रित कर पीपलवास रोड पर निर्माणाधीन एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) में ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से उपचारित किया जाएगा। इससे पहले जो गंदगी फैलती थी, उससे अब राहत मिलेगी और वातावरण स्वच्छ रहेगा।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्रत्येक परिवार को हर पांच वर्ष में अपने सेप्टिक टैंक की सफाई करवाने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि घरों के आसपास जमा गंदा पानी और खुले में भरा दूषित जल मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण होता है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
कार्यक्रम में यह भी निर्देश दिए गए कि नगर पालिका द्वारा संचालित कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा डाला जाए और इधर-उधर फैलने से रोका जाए। “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” का संदेश देते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही जानकारी दी गई कि टोल फ्री नंबर 18008439192 पर संपर्क कर सेप्टिक टैंक की सफाई करवाई जा सकती है।
कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक सीता रावत, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वीरेंद्र कुमार भट्ट, परीक्षित चौबीसा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Tags
Breaking News