उदयपुर में हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर जानलेवा हमला: तलवार-चाकू से वार, 3 पुलिसकर्मी घायल, 2 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर में हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर जानलेवा हमला: तलवार-चाकू से वार, 3 पुलिसकर्मी घायल, 2 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र के रणघाटी (बरी गांव) में मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने तलवार और चाकू से ताबड़तोड़ वार करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को क्षेत्र में लूट की सूचना मिली थी, जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। लेकिन जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इससे पहले कैलाश मीणा नामक युवक को भी लूटने का प्रयास किया था। हालांकि युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा और घटना की सूचना पुलिस को दी।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—नारायण डामोर और मोहन डामोर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post