चित्तौड़गढ़ अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत कपासन थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2019 के एनडीपीएस प्रकरण में 7 साल से फरार चल रहे आरोपी श्रवण बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव के सुपरवीजन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी श्रवण बिश्नोई वर्ष 2019 में थाना राशमी क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वांछित था, जिसमें करीब 2 क्विंटल 23 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र और आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था, लेकिन लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार उसे दबोच लिया गया।
जनता से अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।
Tags
Breaking News