गिरल लिग्नाइट माइंस विवाद: मजदूरों के समर्थन में उग्र हुए शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, कलेक्ट्रेट परिसर में मचा हड़कंप
डीएस सेवन न्यूज रविंद्र सिंह भाटी ने मंगलवार को बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट पर चल रहे गिरल लिग्नाइट माइंस मजदूर आंदोलन के दौरान ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे प्रशासनिक अमले में अफरा-तफरी मचा दी। मजदूरों की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे विधायक भाटी ने विरोध जताते हुए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और माचिस मांगते हुए आग लगाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और समर्थकों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विधायक अपने साथ बैग में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंचे थे। प्रदर्शन के बीच उन्होंने बोतल निकालकर खुद पर पेट्रोल डाल लिया। घटना के दौरान उन्होंने प्रशासन पर दबाव बनाने और मजदूरों की आवाज दबाने के आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। जैसे ही उन्होंने माचिस मांगते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया, समर्थकों ने तुरंत कपड़े से पेट्रोल साफ किया, जबकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़कर वहां से हटाया।
बताया जा रहा है कि गिरल लिग्नाइट माइंस से जुड़े मजदूर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इसी मुद्दे को लेकर विधायक भाटी लगातार प्रशासन और संबंधित कंपनियों पर दबाव बना रहे हैं। मंगलवार का प्रदर्शन इसी संघर्ष का हिस्सा था, जो अचानक नाटकीय मोड़ ले बैठा।
घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।
Tags
Breaking News