डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, 24 जून। शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो संस्थानों को सीज कर दिया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मेवाड़ बैंक्वेट और बालाजी कोचिंग संस्थान पर यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाई गई थीं। इसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए थे।
नोटिस जारी होने के बावजूद सुरक्षा मानकों की पालना नहीं किए जाने पर नगर निगम ने दोनों प्रतिष्ठानों को सीज करने की कार्रवाई की। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैंक्वेट हॉल, कोचिंग संस्थान, होटल, अस्पताल तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर लगातार सर्वे एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे और निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर सीजिंग सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने सभी व्यवसायिक संस्थानों और भवन मालिकों से फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोका जा सके।
कार्रवाई के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी, अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा, सहायक अग्निशमन अधिकारी नवदीप सिंह बग्गा, निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
Breaking News