उदयपुर से रवाना हुई SDRF की टीमें, चित्तौड़गढ़ समेत 7 जिलों में संभालेंगी मानसून आपदा से निपटने के लिए

मानसून से पहले SDRF अलर्ट मोड पर, 8 विशेष बचाव दल संवेदनशील जिलों के लिए रवाना
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, 25 जून। आगामी मानसून को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिसाद बल (SDRF) ने संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह उदयपुर से SDRF की 8 विशेष टीमों को संभाग के विभिन्न जिलों में तैनाती के लिए रवाना किया गया।

कंपनी कमांडर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टीमों को उनके निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। मानसून के दौरान बाढ़, जलभराव, नदी-नालों में तेज बहाव और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन दलों की तैनाती की गई है।

SDRF की ये टीमें प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, सलूंबर, चित्तौड़गढ़, कोटड़ा, राजसमंद और डूंगरपुर सहित उन क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगी, जहां मानसून के दौरान आपदा की आशंका अधिक रहती है। आपात परिस्थितियों में स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर ये दल तुरंत राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार सभी टीमों को आवश्यक आधुनिक बचाव उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों और आपदा प्रबंधन सामग्री से सुसज्जित किया गया है। विभाग का लक्ष्य मानसून के दौरान किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में प्रभावित लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाना और जनहानि को न्यूनतम रखना है।



Post a Comment

Previous Post Next Post