बाड़े में घुसकर दीवार फांदते हुए किया हमला, ग्रामीणों ने वन विभाग से पैंथर को पकड़ने की मांग उठाई
डीएस सेवन न्यूज भदेसर। भदेसर क्षेत्र में पैंथर की गतिविधियों से ग्रामीणों में लगातार दहशत बनी हुई है। गुरुवार देर रात आकोला ग्राम पंचायत के फतेहपुरा गांव में एक पैंथर ने भैंस के 10 दिन के बछड़े को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
फतेहपुरा निवासी भैरूलाल जाट के अनुसार, देर रात पैंथर उनके बाड़े की दीवार फांदकर अंदर घुस आया। उस समय बाड़े में बंधा भैंस का 10 दिन का बछड़ा पैंथर के हमले का शिकार बन गया। घटना का पता सुबह लगने पर परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले काफी समय से भदेसर क्षेत्र में पैंथर की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। आए दिन पालतू पशुओं पर हमलों की घटनाएं सामने आने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं लोगों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि पैंथर को जल्द से जल्द रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में पशुधन और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Tags
Breaking News