मुखबिर की सूचना पर रुपरा फंटा-भानपुरा मार्ग पर दबिश, बिना नंबर की बाइक, दो मोबाइल और मादक पदार्थ जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर | जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 74 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) तथा 6 किलो 390 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी विजय कुमार यादव एवं प्रभारी एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद रुपरा फंटा-भानपुरा-गरोठ रोड पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान हरनावदा निवासी लक्ष्मण सिंह (38) और भानपुरा निवासी अश्विन उर्फ मन्ना पंवार (39) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास रखी दो थैलियों से 74 ग्राम एमडी और 6 किलो 390 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 261/2026 दर्ज किया गया है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 22 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अश्विन उर्फ मन्ना के खिलाफ आबकारी अधिनियम और विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।