उदयपुर कानोड़ हत्याकांड का खुलासा: मादलिया लूटने के लिए बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कानोड़ में बुजुर्ग महिला हत्याकांड का खुलासा: मादलिया लूटने के लिए की गई थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर कानोड़। कानोड़ थाना क्षेत्र के कुम्हारों का मोहल्ला स्थित बुजुर्ग महिला घीसी बाई खटीक की हत्या और मादलिया लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी घर में घुसा और बुजुर्ग महिला के गले में पहना मादलिया छीनने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने चाकू से गले और शरीर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए उदयपुर ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। जांच के बाद कानोड़ निवासी 25 वर्षीय ईश्वर राव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने मादलिया लूटने की नीयत से हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, खून से सने कपड़े बदले और वहां से फरार हो गया था। प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी को घटना की प्रमुख वजह माना गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक परेशानी के चलते लूट की योजना बनाई थी।

सोमवार को पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उससे वारदात का घटनाक्रम दोहरवाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए "पुलिस प्रशासन जिंदाबाद" और "आरोपी को फांसी दो" के नारे लगाए।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post