रवि माली हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य नाबालिग आरोपी को भगाने वाला सहयोगी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी, फरार कराने में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना बाइक भी जब्त
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। रवि माली हत्याकांड की जांच में कोतवाली पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में मुख्य नाबालिग आरोपी को फरार कराने में सहयोग करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि जग्गाखेड़ी रोड स्थित अभिनंदन कच्ची सड़क पर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कर्मचारी कॉलोनी निवासी रवि माली के रूप में हुई।

मृतक के भाई सुमित माली की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में इससे पहले एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों अजय वर्मा, आशीष वर्मा और संदीप उर्फ दिलीप उर्फ काला को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेजा जा चुका है।

जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य नाबालिग आरोपी को फरार कराने में लक्की पिता मोहनलाल कुमावत (25), निवासी नयागांव नरसिंहपुरा, मंदसौर ने सहयोग किया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग आरोपी को भगाने में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना (एमपी-14 एमसी-4996) मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उपनिरीक्षक विजय पुरोहित, प्रधान आरक्षक विनोद नामदेव, शंभूलाल यादव, आरक्षक भारत बैरागी, योगेश साहू तथा मनीष धौलपुरिया की विशेष भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post