डीएस सेवन न्यूज नीमच। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर खुद को दबंग दिखाने वाले युवकों का रौब ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्गपुरा में वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंजारा समाज के एक दर्जन से अधिक युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद वही युवक सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की बात कहते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक देशी कट्टा, हॉकी और लाठियों के साथ प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मनासा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान की और उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद सामने आए एक अन्य वीडियो में सभी युवक लाइन से खड़े होकर कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे स्वीकार कर रहे हैं कि उनसे गलती हुई है और भविष्य में न तो हथियारों के साथ कोई वीडियो बनाएंगे और न ही इस तरह का प्रदर्शन करेंगे।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, कानून व्यवस्था को चुनौती देने या भय का माहौल बनाने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक वीडियो में जहां युवक हथियारों के साथ नजर आ रहे थे, वहीं दूसरे वीडियो में वे अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं।