पुलिस की बड़ी सफलता, नकबजनी का खुलासा 2 आरोपी गिरफ्तार, जेवर-नकदी व बाइक बरामद

डीएस सेवन न्यूज बालोतरा। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अश्ववेग’ के तहत थाना जसोल पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक रमेश (आईपीएस) ने बताया कि जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित खुलासे एवं शत-प्रतिशत बरामदगी के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह तथा वृताधिकारी बाबूलाल मुरारिया के सुपरविजन में थाना जसोल की थानाधिकारी श्रीमती शारदा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

मामला 19 जून 2026 को दर्ज हुआ था। परिवादिया भंवर कंवर पत्नी नरेन्द्र सिंह निवासी बोरावास ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी दादी गांव स्थित मकान में अकेली रहती हैं। 15 जून की रात भोजन के बाद वे सो गई थीं। अगले दिन सुबह उठने पर कमरे की अलमारी खुली मिली और उसमें रखा स्टील का डिब्बा गायब था। डिब्बे में चार जोड़ी सोने के लूंग, एक सोने की गले की आड़, एक सोने का नेकलेस, सोने के कानों के पत्ते वाली एक जोड़ी ईयररिंग, सात जोड़ी चांदी की तोड़ियां, एक चांदी की गाय तथा 10 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे।

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पारंपरिक पुलिसिंग, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्ध रामसिंह और मोहम्मद तसलीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. रामसिंह पुत्र करणसिंह (20), निवासी राखी, हाल 3/18 हाउसिंग बोर्ड, जसोल, जिला बालोतरा।
  2. मोहम्मद तसलीम पुत्र मोइनू दीन (29), निवासी सितानियों का धोरा, बालोतरा

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

  • थानाधिकारी श्रीमती शारदा
  • उपनिरीक्षक रूपसिंह
  • कांस्टेबल मांगीलाल (विशेष भूमिका)
  • कांस्टेबल राकेश कुमार

Post a Comment

Previous Post Next Post