पंचायत राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी स्थगित, अब 17-18 सितंबर को होगा फैसला
डीएस सेवन न्यूज जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। 17 और 18 अगस्त को प्रस्तावित आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। अब जिला स्तर पर पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए आरक्षण लॉटरी 17 सितंबर को होगी, जबकि उपखंड स्तर पर 18 सितंबर को लॉटरी निकाली जाएगी।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से सभी संबंधित जिला कलेक्टरों और अधिकारियों को नई तारीखों के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और प्रधान पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आरक्षण लॉटरी का इंतजार कर रहे संभावित उम्मीदवारों के लिए तारीख आगे बढ़ने से चुनावी तैयारियों का समीकरण भी बदल गया है। कई दावेदार अपने-अपने वार्ड की आरक्षण स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे थे। अब उन्हें करीब एक महीने और इंतजार करना होगा। लॉटरी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कौन सा वार्ड अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), महिला या सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होगा।
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पहले से जारी हैं। जिला स्तर पर जिला परिषद और पंचायत समिति से जुड़े पदों के लिए प्रक्रिया होगी, जबकि उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा।
राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है। ऐसे में पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी की नई तारीखों को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब 17 और 18 सितंबर को होने वाली लॉटरी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकेगी।
Tags
Breaking News